अवैध तरीके से भारतीय सीमा में प्रवेश कर रहा श्रीलंकाई नागरिक गिरफ्तार,नेपाल से भारत आते समय सोनौली बॉर्डर पर पकड़ा गया आरोपी

मुख्य संपादक - ओंकार नाथ वर्मा

UP Samachar Plus

महराजगंज। नेपाल से भारत में अवैध रूप से घुसने की कोशिश कर रहे एक श्रीलंकाई नागरिक को 15 अक्टूबर को सोनौली बॉर्डर पर गिरफ्तार किया गया। इमिग्रेशन जांच में खुलासा हुआ कि उसने धोखाधड़ी से भारतीय पासपोर्ट और पहचान पत्र हासिल कर रखे थे। गिरफ्तार व्यक्ति के पास भारतीय और श्रीलंकाई दोनों पासपोर्ट मिले, जिनमें भारतीय पासपोर्ट पर उसका नाम "दिलीप संपत" और श्रीलंकाई पासपोर्ट पर "Dilip Sampath Rajappa" दर्ज था। 

इस व्यक्ति के मोबाइल से मलेशियाई ई-वीज़ा भी बरामद हुआ, जिसमें उसकी राष्ट्रीयता श्रीलंकाई बताई गई थी। जांच से पता चला कि उसने भारतीय पहचान पत्र का गलत तरीके से इस्तेमाल कर मलेशिया का ई-वीज़ा हासिल किया था। इसके अलावा, आरोपी के मोबाइल से अंतरराष्ट्रीय ड्रग माफिया से जुड़े कई संदिग्ध संपर्क नंबर भी बरामद किए गए हैं, जिससे उसके श्रीलंका स्थित ड्रग नेटवर्क से संबंध होने का शक गहरा गया है।

इस मामले में भारतीय इमिग्रेशन और सुरक्षा एजेंसियों की संयुक्त जांच में आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी और विदेशी अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामले में विदेशी अधिनियम के तहत धारा 318, 319, 338, 336(3), 340(2)B N S 2023 और अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है।

पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीना ने सीमा पर सुरक्षा बढ़ाने के निर्देश दिए हैं, जिससे तस्करी और अंतरराष्ट्रीय अपराधों पर रोक लगाई जा सके। अधिकारियों का मानना है कि यह गिरफ्तारी भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा एजेंसियों की चौकसी का नतीजा है, जिससे अंतरराष्ट्रीय अपराधियों के भारत में प्रवेश की कोशिशों पर लगाम लगाई जा रही है।


Contact Us - +91-9453529007

Email ID - upsamacharplus@gmail.com